लोकल समाचार

Betul News In Hindi: भाजपा का पलटवार : शाहपुर नप पर किया कब्जा, नपाध्यक्ष विक्की नायक और तीन पार्षदों ने थामा पार्टी का दामन

Betul News In Hindi: भाजपा का पलटवार : शाहपुर नप पर किया कब्जा, नपाध्यक्ष विक्की नायक और तीन पार्षदों ने थामा पार्टी का दामन

Betul News In Hindi: हाल ही में मुलताई नगर पालिका की अध्यक्ष नीतू परमार ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इसे कांग्रेसी अपनी एक बड़ी उपलब्धि मान कर जश्र मनाने में मशगूल थे। इस घटनाक्रम को देखते हुए संभावना जताई जा रही थी कि जिले के कुछ और नगरीय निकायों के भी अध्यक्ष और पार्षदों को कांग्रेस अपने खेमे में ला सकती है। लेकिन, ऐसा कोई मौका दिए बगैर ही भाजपा ने तगड़ा पलटवार किया है। भाजपा ने इसके विपरीत नगर परिषद शाहपुर पर ही मजबूती से कब्जा कर लिया है। यहां के अध्यक्ष रोहित विक्की नायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके साथ ही 3 पार्षद भी भाजपा में आ गए हैं। अब शाहपुर नगर परिषद में भाजपाई अध्यक्ष के साथ ही भाजपा का बहुमत भी हो गया है।

चुनाव के समय शाहपुर नगर परिषद में निर्दलीय पार्षदों का बोलबाला था। यहां भाजपा के 6 ही पार्षद थे। निर्दलीय पार्षद अधिक होने के कारण यहां पर निर्दलीय पार्षद रोहित विक्की नायक अध्यक्ष चुने गए थे। कांग्रेस ने इस बीच बड़ा उलटफेर करते हुए मुलताई नगर पालिका अध्यक्ष नीतू सिंह परमार को अपने पाले में शामिल करने में सफलता हासिल की थी। संभावना जताई जा रही थी कि बहुत ही जल्द इसी तरह का घटनाक्रम कांग्रेस पार्टी द्वारा शाहपुर में भी दोहराया जा सकता है। हालांकि मुलताई के घटनाक्रम से चौकन्नी हुई भाजपा ने ऐसा कोई मौका नहीं दिया।

कुशाभाउ ठाकरे न्यास मध्यप्रदेश के अध्यक्ष और पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल तथा भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला के सतत प्रयासों व भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष रोहित विक्की नायक भाजपा में शामिल हो गए। यहां भाजपा को तोड़फोड़ करने या किसी को अपने पक्ष में करने का कोई मौका ही नहीं मिला और वह हाथ मलते ही रह गई। नगर परिषद के चुनाव में यहां भाजपा के 6 पार्षद ही जीत सके थे।

अब यहां भाजपा के पास 9 पार्षद हो चुके हैं। अध्यक्ष श्री नायक के साथ 3 पार्षद कुसुम पिन्टू परमार, सुशीला मोनू पंद्राम, कमलेश प्रजापति भी भाजपा में शामिल हुए हैं। इस तरह यहां अब न केवल भाजपा के अध्यक्ष हैं बल्कि पार्टी का पूरी तरह से बहुमत भी यहां हो चुका है। कांग्रेस के केवल 2 पार्षद यहां चुनाव जीतने में सफल हो सके थे। अध्यक्ष और पार्षदों के अलावा यहां के कांग्रेस नेता अरूण तिवारी और आशीष राठौर, विशाल देशमुख व सुशील घिडोडे भी भाजपा में शामिल हुए हैं।

पार्टी नेताओं ने किया सभी का स्वागत

इधर भाजपा द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष रोहित विक्की नायक सहित तीन पार्षद, कांग्रेस नेता अरूण तिवारी और तीन अन्य भाजपा में शामिल हो गए हैं। शुक्रवार शाम को भाजपा जिला कार्यालय विजय भवन में प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी पंकज जोशी, सांसद दुर्गादास उइके, पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल, जिला प्रभारी सुजीत जैन, जिलाध्यक्ष आदित्य बबला शुक्ला की उपस्थिति में शाहपुर नगर परिषद के अध्यक्ष रोहित विक्की नायक, पार्षद कुसुम पिन्टू परमार, सुशीला मोनू पंद्राम, कमलेश प्रजापति भाजपा में शामिल हो गए।

इसके साथ ही शाहपुर के कांग्रेस नेता अरूण तिवारी और आशीष राठौर, विशाल देशमुख, सुशील घिडोडे भी भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल हुए सभी लोगों का पार्टी नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक मंगलसिंग धुर्वे, शाहपुर मंडल अध्यक्ष मनीष कुमरे, भौंरा मंडल अध्यक्ष विशालसिंह ठाकुर भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker